पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता - कौटिल्य का भारत

Breaking News

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 9415671117

Post Top Ad

रविवार, 5 जुलाई 2026

पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता

 

नेशनल प्रेस क्लब का सदस्यता अभियान 31 जुलाई तक बढ़ा, अगस्त के अंतिम सप्ताह में होंगे चुनाव

बस्ती, 05 जुलाई। सम्वाददाता 


प्रेस क्लब की जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जिलाध्यक्ष संतोष सिंह की अध्यक्षता में आवास विकास स्थित एक निजी विद्यालय में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के सदस्यता अभियान, परिचय-पत्र वितरण, आगामी चुनाव, पत्रकार हितों तथा संगठनात्मक मजबूती से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत संरक्षक अशोक श्रीवास्तव ने संगठन की आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए की। उन्होंने सदस्यता अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उपस्थित सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए। विचार-विमर्श के उपरांत सर्वसम्मति से सदस्यता अभियान की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह तय किया गया कि अगस्त के प्रथम सप्ताह में सदस्यों को परिचय-पत्र जारी किए जाएंगे तथा अंतिम सदस्य सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद अगस्त के अंतिम सप्ताह में संगठन की नई कार्यकारिणी का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संपन्न कराया जाएगा।

इस अवसर पर संस्थापक  राजेन्द्रनाथ तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों से गुजर रही है। ऐसे दौर में पत्रकारों का दायित्व है कि वे निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और जनसरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पत्रकारिता की गरिमा एवं विश्वसनीयता को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का सजग प्रहरी है और उसे अपने उच्च आदर्शों के अनुरूप कार्य करना चाहिए।

संरक्षक अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय वैचारिक चुनौतियों का है। पत्रकारों को सामाजिक, राष्ट्रीय और जनहित के मुद्दों पर तथ्यपरक एवं जिम्मेदार विचार सोशल मीडिया सहित विभिन्न मंचों पर साझा करने चाहिए, जिससे समाज में सकारात्मक विमर्श को बल मिले।

बैठक में पत्रकार कल्याण से संबंधित एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखा गया। राजकुमार पाण्डेय ने पत्रकार, उनकी पत्नी अथवा माता-पिता के निधन पर क्लब की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसका अधिकांश सदस्यों ने समर्थन किया। इस पर अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि शीघ्र ही आवश्यक नियमावली तैयार कर इसे संगठन के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

बैठक को जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, महामंत्री धनंजय श्रीवास्तव, कमलेश सिंह, राजेश कुमार मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। अंत में जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सदस्यता अभियान को अधिक से अधिक सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में अरशद मसूद, सुमित जायसवाल, दिनेश कुमार पाण्डेय, पारसनाथ मौर्य, जीतेन्द्र श्रीवास्तव, अब्दुल कलाम, परमानन्द मिश्र, रत्नेन्द्र पाण्डेय, रियाज अहमद, अवधेश कुमार सोनकर, मनोज कुमार यादव, संदीप यादव, धर्मप्रकाश श्रीवास्तव, बबुन्दर यादव, डॉ. नवीन सिंह, मिर्जा जमीर अहमद, डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद, डॉ. अजीत श्रीवास्तव, सत्यराम, प्रशान्त त्रिपाठी, वसीम अहमद, राजकुमार गौतम, इमरान अंसारी, आनंद भारती, मोहम्मद तलहा, अभिषेक गौतम, मोहम्मद टीपू, वेदान्त सिंह, जयप्रकाश पाण्डेय, हिफजुर्रहमान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad