बस्ती के युवक की लखनऊ में संदिग्ध गुमशुदगी, नहर किनारे मिली बाइक - कौटिल्य का भारत

Breaking News

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 9415671117

Post Top Ad

शनिवार, 14 मार्च 2026

बस्ती के युवक की लखनऊ में संदिग्ध गुमशुदगी, नहर किनारे मिली बाइक

 इंदिरा नहर में कूदने की आशंका, युवक लापता – बाइक और सुसाइड नोट मिलने से बढ़ी चिंता


लखनऊ। थाना बीबीडी क्षेत्र में एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। मूल रूप से बस्ती जिले के कप्तानगंज क्षेत्र के निवासी युवक की बाइक इंदिरा नहर के पास लावारिस हालत में मिलने के बाद पुलिस और परिजनों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसके आधार पर युवक के नहर में कूदने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बस्ती जिले के कप्तानगंज क्षेत्र के निवासी अखिलेश चिनहट के मटियारी इलाके में अपने परिवार के साथ रहकर एक हॉस्टल का संचालन करते थे। गुरुवार सुबह उनकी बाइक इंदिरा नहर के पास खड़ी मिली, जबकि वह खुद वहां मौजूद नहीं थे। आसपास के लोगों ने संदिग्ध स्थिति देखकर पुलिस को सूचना दी।

थाना बीबीडी के इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि मौके पर तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। नोट में अखिलेश ने अपनी गंभीर दिल की बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने का निर्णय लेने की बात लिखी है। पुलिस ने इस नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

अखिलेश के बड़े भाई राजेश मिश्रा ने बताया कि पिछले कुछ समय से वह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और काफी मानसिक तनाव में भी रहते थे। परिवार का कहना है कि घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जानी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अखिलेश वास्तव में नहर में कूदे हैं या कोई अन्य घटना हुई है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत गोताखोरों की टीम को बुलाकर इंदिरा नहर में खोजबीन शुरू कराई। गोताखोरों ने नगराम क्षेत्र तक कई किलोमीटर तक तलाश की, लेकिन देर शाम तक अखिलेश का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर एसडीआरएफ की मदद भी ली जा सकती है।

इधर बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सरैया मिश्र गांव स्थित अखिलेश के पैतृक घर पर मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अधिकांश सदस्य लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। गांव में सन्नाटा छाया हुआ है और परिजन युवक की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के समय अखिलेश के साथ क्या हुआ था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad