मोहर्रम पर शांति, सौहार्द और परंपरा का संदेश - कौटिल्य का भारत

Breaking News

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 9415671117

Post Top Ad

शनिवार, 20 जून 2026

मोहर्रम पर शांति, सौहार्द और परंपरा का संदेश

 मोहर्रम पर शांति, सौहार्द और परंपरा का संदेश

बस्ती। संवादडाता 


आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और परंपरागत ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।

जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी समुदायों से अपील की कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानक के अनुरूप होगी, किसी भी विवादित स्थल पर ताजिया नहीं रखा जाएगा तथा कोई नई परंपरा प्रारंभ नहीं की जाएगी।

उन्होंने जुलूस आयोजकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक जुलूस की सूचना संबंधित थाने को पूर्व में उपलब्ध कराएं। डीजे का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को जुलूस का हिस्सा न बनाया जाए। साथ ही जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के शस्त्र प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जुलूस मार्गों का समय रहते निरीक्षण कर लिया जाए। रास्तों में आने वाले ढीले विद्युत तारों को दुरुस्त कराया जाए तथा आवश्यकतानुसार पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कराई जाए। नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों को विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि मोहर्रम शोक और श्रद्धा का पर्व है, इसलिए इसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ताजियों को निर्धारित समय पर ही कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया जाए तथा केवल पारंपरिक मार्गों का ही उपयोग किया जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ संदेश या सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा। क्षेत्रीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चन्द्र सोनकर ने भी सभी नागरिकों से भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बस्ती की पहचान हमेशा गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता की रही है, जिसे बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, विभिन्न उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मोहर्रम के अवसर पर प्रशासन का स्पष्ट संदेश है— परंपरा का सम्मान, कानून का पालन और भाईचारे का संरक्षण। यही सामाजिक सद्भाव और जनपद की शांति का आधार है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad