किसान पथ पर मौत का तांडव - कौटिल्य का भारत

Breaking News

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 9415671117

Post Top Ad

शुक्रवार, 6 मार्च 2026

किसान पथ पर मौत का तांडव



किसान पथ पर मौत का तांडव

तेज रफ्तार एक्सयूवी ने बुलेट को रौंदा, ससुर-दामाद की मौत – बेटी जिंदगी से जंग रही

लखनऊ। 

लखनऊ की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार का एक और भयावह चेहरा बुधवार को सामने आया, जब सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के किसान पथ पर तेज रफ्तार एक्सयूवी कार ने बुलेट बाइक को रौंद दिया। इस भीषण टक्कर में ससुर और दामाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।पुलिस के अनुसार लोनी कटरा थाना क्षेत्र के लदई का पुरवा निवासी मुन्नीलाल (70) अपनी बेटी बबली उर्फ सीमा (35) और दामाद सुशील कुमार (40) के साथ बाइक से जा रहे थे। तीनों मोहनलालगंज के गोपालखेड़ा गांव में रहते थे और होली के अवसर पर गोसाईंगंज के सुरियामऊ गांव अपने रिश्तेदार के घर मिलने जा रहे थे।लेकिन रास्ते में ही किस्मत ने ऐसा क्रूर मोड़ लिया कि परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। बुद्धुखेड़ा गांव के पास सामने से गलत दिशा में आ रही तेज रफ्तार एक्सयूवी कार ने उनकी बुलेट बाइक में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।दुर्घटना में सुशील कुमार और मुन्नीलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सीमा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल SGPGI ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

तीन घंटे तक जाम, पथराव के बाद पुलिस का लाठीचार्ज::हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश भड़क उठा। ग्रामीणों ने किसान पथ को जाम कर दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम रहा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।बताया गया कि मौके पर महिला पुलिस बल की कमी के कारण स्थिति संभालने में भी देरी हुई। शाम करीब पांच बजे पुलिस ने हालात पर नियंत्रण पाया और यातायात बहाल हो सका।

फरार चालक की तलाश तेज::पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एक्सयूवी कार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।सवालों के घेरे में सड़क सुरक्षा:किसान पथ जैसे व्यस्त मार्ग पर तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने की प्रवृत्ति एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। त्योहार के दिन रिश्तेदारी में खुशियां बांटने निकला परिवार कुछ ही क्षणों में शोक में डूब गया।

सवाल यह है कि आखिर सड़कों पर यह बेलगाम रफ्तार कब थमेगी और निर्दोष लोगों की जान कब तक यूं ही जाती रहेगी।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad