नौ वर्ष पूरे होने पर उपलब्धियों का उत्सव, बस्ती कलेक्ट्रेट में देखा गया लखनऊ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
बस्ती, 18 मार्च 2026।, वीर कुमार तिवारी, संवाददाता कौटिल्य का भारत बस्ती मंडल, 18मार्च 2026,5.30
प्रदेश सरकार के कार्यकाल के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद बस्ती के कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के आगमन, स्वागत, प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित “नवनिर्माण के नौ वर्ष” पुस्तक का विमोचन, लघु फिल्म तथा “गेट्स ऑफ न्यू उत्तर प्रदेश” का प्रदर्शन किया गया। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों से संबंधित पुस्तकों व डॉक्यूमेंट्री का अवलोकन भी कराया गया।
हालांकि यह कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का मंच था, लेकिन इसकी समीक्षा के दौरान यह सवाल भी उठता है कि क्या योजनाओं का वास्तविक लाभ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच पा रहा है या नहीं। सरकारी आंकड़ों और प्रस्तुतियों में विकास की तस्वीर काफी आकर्षक दिखाई देती है, लेकिन जमीनी स्तर पर कई योजनाओं के क्रियान्वयन में चुनौतियां और देरी भी देखने को मिलती है।
कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। उनका कहना था कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश के विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं और विभिन्न योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचा है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्र, पूर्व विधायक दूधराम, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा तथा जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने संयुक्त रूप से विश्व श्रम सम्मान योजना के तहत कुम्हार और राजमिस्त्री श्रेणी के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को आवास प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। बेसिक शिक्षा विभाग के दिव्यांग बच्चों को उपकरण तथा सामान्य विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को 22वीं किश्त प्रदान की गई। वहीं सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत एक लाभार्थी को चार लाख रुपये का डेमो चेक दिया गया। आर-सेटी के अंतर्गत प्रशिक्षित युवतियों को ब्यूटी पार्लर से संबंधित प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विभिन्न स्वयं सहायता समूहों को लगभग 3.30 लाख रुपये की स्वीकृत धनराशि चेक के माध्यम से प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, उप जिलाधिकारी राजेश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
समीक्षात्मक दृष्टि से यह कार्यक्रम सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास था। हालांकि वास्तविक सफलता का आकलन तभी संभव होगा जब इन योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित हो।

🙏
जवाब देंहटाएं