दिनदहाड़े कानून को खुली चुनौती: बाइक सवार दबंग ने बस पर झोंका फायर, हाईवे बना दहशत का मैदान
वी के तिवारीबस्ती
बस्ती जनपद में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े एक बाइक सवार दबंग ने चलती बस पर देशी तमंचे से फायर कर दिया। यह सनसनीखेज वारदात कैमरे में कैद हो गई और अब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।वायरल वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि बाइक सवार युवक बेखौफ होकर बस की ओर निशाना साधता है और गोली चला देता है। फायरिंग के वक्त बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए। गोली चलाने के बाद आरोपी दबंग मौके से तेजी से फरार हो गया, मानो उसे कानून का कोई भय ही न हो।
मृतक संस्कार को जा रही बस, फिर भी नहीं कांपा हाथ:सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बस में सवार लोग अयोध्या दाह संस्कार के लिए जा रहे थे। शोक और संवेदना के इस सफर को एक दबंग की सनक ने आतंक में बदल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में सवार एक व्यक्ति और बाइक सवार दबंग के बीच पहले नोंकझोंक हुई, कहासुनी बढ़ी और फिर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसी विवाद के बाद दबंग ने कमर से देशी तमंचा निकाला और फायर झोंक दिया।
कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल:दिनदहाड़े राष्ट्रीय राजमार्ग पर तमंचे से फायरिंग यह दर्शाती है कि अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं। सवाल यह है कि क्या अब हाईवे पर सफर करना भी सुरक्षित नहीं रहा? क्या मामूली विवाद में हथियार निकाल लेना अब सामान्य होता जा रहा है?
पुलिस का बयान:मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने कहा है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ त्वरित व कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना केवल एक फायरिंग नहीं, बल्कि प्रशासन के लिए चेतावनी है। वायरल वीडियो ने साफ कर दिया है कि अपराधी न सिर्फ हथियारबंद हैं, बल्कि उन्हें यह भी भरोसा है कि वे आसानी से बच निकलेंगे। यदि ऐसे मामलों में त्वरित गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो यह दुस्साहस कल किसी बड़े हादसे में बदल सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें