कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय समीक्षाओं की मैराथन बैठक, जनशिकायत निस्तारण व राजस्व वसूली पर सख्त निर्देश - कौटिल्य का भारत

Breaking News

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 9415671117

Post Top Ad

सोमवार, 23 फ़रवरी 2026

कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय समीक्षाओं की मैराथन बैठक, जनशिकायत निस्तारण व राजस्व वसूली पर सख्त निर्देश

 कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय समीक्षाओं की मैराथन बैठक, जनशिकायत निस्तारण व राजस्व वसूली पर सख्त निर्देश

बस्ती, 23 फरवरी 2026 (सू.वि.)


 जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों एवं जिला स्तरीय समितियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकें सम्पन्न हुईं। बैठक में आईजीआरएस, जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति, वन भूमि अमलदरामद, कर-करेत्तर, सीएम डैशबोर्ड, सड़क सुरक्षा, जिला श्रम बन्धु समिति, बाल श्रम उन्मूलन तथा एन-कोर्ड से जुड़े बिन्दुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जिला गंगा समिति की बैठक में ठोस अपशिष्ट (सॉलिड वेस्ट मैटेरियल) के नियमानुसार निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। वन विभाग की ओर से डीएफओ डा. शिरिन ने जानकारी दी कि जनपद में पौधरोपण का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पौधरोपण हेतु चयनित स्थलों की सूचना समय से उपलब्ध कराई जाए।

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान जिन विभागों की प्रगति ‘ए’ श्रेणी से नीचे पाई गई, उन्हें विशेष प्रयास कर प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। कर-करेत्तर की समीक्षा में अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने तथा राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्य विकास अधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कटों को चिन्हित कर तत्काल बंद कराने तथा सुरक्षा की दृष्टि से डिवाइडरों को नियमानुसार ऊंचा करने के निर्देश दिए।

जिला श्रम बन्धु समिति एवं बाल श्रम उन्मूलन की समीक्षा में श्रमिकों के अधिक से अधिक पंजीकरण कराने और बाल श्रम रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर जोर दिया गया। वहीं एन-कोर्ड की समीक्षा के दौरान अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजीव निगम, डीएफओ डा. शिरिन, सीटीओ अशोक कुमार प्रजापति, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, डीपीआरओ धनश्याम सागर, आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, सत्येन्द्र कुमार सिंह, हिमांशु कुमार, मनोज प्रकाश, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, एआरटीओ माला बाजपेयी, जिला पूर्ति अधिकारी विमल कुमार शुक्ला, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, डीएसटीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव, ईडीएम सौरभ द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad