सम्पूर्ण समाधान दिवस में 51 शिकायतें, 8 का मौके पर निस्तारण
बस्ती, 20 दिसम्बर (सू.वि.)
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में तहसील रूधौली में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित जनशिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए स्थलीय निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने पुलिस से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश ने बताया कि समाधान दिवस में कुल 51 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 08 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 33, पुलिस के 05, विकास के 03, विद्युत के 04, पूर्ति विभाग के 02 तथा उप निबंधक, नहर, वन एवं नगर पंचायत से 1-1 प्रकरण शामिल रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।समाधान दिवस के पश्चात जिलाधिकारी ने आदर्श नगर पंचायत रूधौली स्थित अस्थायी रैन बसेरा का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, कंबल व बिस्तर की व्यवस्था संतोषजनक पाई तथा प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। नगर पंचायत को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें