प्रथम प्रयास में जिला योजना अधिकारी बने प्रभात सिंह, व्यापारियों ने किया भव्य सम्मान
भानपुर।बस्ती, सम्वाददाता, 272001
मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता की नई इबारत लिखते हुए तहसील क्षेत्र के बडोखर गांव निवासी प्रभात सिंह ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में प्रथम प्रयास में जिला योजना अधिकारी/सहायक निदेशक (योजना एवं विकास विभाग) पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर गुरुवार को व्यापार मंडल एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनके आवास पहुंचकर भव्य सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रभात सिंह को अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत करते हुए उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि "ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रथम प्रयास में इतनी बड़ी सफलता प्राप्त करना आसान नहीं होता। प्रभात सिंह ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। उनकी सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।"प्रभात सिंह प्रतिष्ठित राजनीतिक एवं समाजसेवी परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता यशकांत सिंह रामनगर ब्लॉक प्रमुख होने के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। वहीं उनके परबाबा जयदत्त सिंह डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रहे हैं। समाजसेवा और जनसरोकारों की इस समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाते हुए प्रभात सिंह ने प्रशासनिक सेवा में सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
सम्मान समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण है, लेकिन प्रभात सिंह ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार होगा और वे भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के संरक्षक राधेश्याम अग्रहरि, कोषाध्यक्ष भागवंत गुप्ता, महामंत्री सुभाष सोनी, वरिष्ठ भाजपा नेता ओम प्रकाश पाण्डेय, सुरेश पाण्डेय, अनिल पाण्डेय, करुणाकर पाण्डेय, वीर श्रीवास्तव, मोनू पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।प्रभात सिंह की इस सफलता ने न केवल बडोखर गांव बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधन की मोहताज नहीं होती, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अथक परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें