सपा सांसद आवास का भाजपा महिला मोर्चा ने किया घेराव, महिला विरोधी नीति के खिलाफ नारेबाजी
बस्ती, 11 मई। भारतीय जनता पार्टी के महिला जन आक्रोश अभियान के तहत सोमवार को बस्ती में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। रुधौली और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र से पहुंचीं सैकड़ों महिलाओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के नेतृत्व में राजकीय इंटर कॉलेज के सामने स्थित सपा सांसद के आवास का घेराव कर नारेबाजी की।
महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सपा पर महिलाओं की उपेक्षा और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि जो दल महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के मुद्दे पर गंभीर नहीं हैं, उन्हें जनता जवाब देगी।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा महिला आरक्षण और महिलाओं के अधिकारों का विरोध किया है।
उन्होंने कहा कि महिला जन आक्रोश अभियान महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक बन चुका है और प्रदेश की महिलाएं सपा की कथित महिला विरोधी मानसिकता के खिलाफ खुलकर सड़क पर उतर रही हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार और बुधवार को भी यह अभियान जारी रहेगा तथा विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल, पूर्व विधायक चन्द्र प्रकाश शुक्ल, कार्यक्रम संयोजक सुमन सिंह, दिलीप पाण्डेय तथा पूर्व प्रत्याशी संगीता जायसवाल ने भी महिलाओं को संबोधित किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें