समय सीमा में पूरे हों विकास कार्य, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मण्डलायुक्त
बस्ती, 28 अप्रैल 2026 (सू.वि.)
मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में मण्डल स्तर पर विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास योजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही विभागीय अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में पीएम सूर्यघर योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, फैमिली आईडी, सेतु निगम, दशमोत्तर छात्रवृत्ति, फार्मर रजिस्ट्री, गेहूं एवं भूसा खरीद, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, स्वच्छता मिशन तथा विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न आधारभूत योजनाओं एवं परियोजनाओं की समीक्षा की गई। मण्डलायुक्त ने विशेष रूप से लंबित एवं धीमी गति से चल रहे कार्यों में तेजी लाने तथा जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माणाधीन परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि आमजन से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से मिल सके। हीटवेव से बचाव हेतु सभी चिकित्सालयों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा प्राइवेट नर्सिंग होम में सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए गए।
आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संवाद स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण आख्या समय से अपलोड करें।बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने किया। बैठक में जिलाधिकारी बस्ती श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जी. एन., जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार, अपर आयुक्त (प्रशासन) मनोज कुमार तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, जयकेश त्रिपाठी सहित मण्डल स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें