अंबेडकर की प्रतिमा खंडित करने से चक्का जाम
जौनपुर । केराकत थाना क्षेत्र के कुसरना बकुलिया गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित कर दी गई है। यह घटना 15 अप्रैल की रात को हुई, जिसका पता गुरुवार सुबह चला। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिमा की आंख के ऊपरी हिस्से को क्षतिग्रस्त किया गया है। चैंकाने वाली बात यह है कि प्रतिमा स्थल के ठीक सामने एक पुलिस चैकी भी स्थित है। इसके बावजूद असामाजिक तत्वों ने इस वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने केराकत से खुज्जी मोड़ मार्ग पर एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया। इसके कारण करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।स्थानीय लोगों के अनुसार, जनपद में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं को खंडित करने की ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, जिससे असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीण दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें