लालगंज मेले में दुकानों को लेकर विवाद, मेला कमेटी बोली—एसडीएम से अनुमति जरूरी, पुलिस ने बताया गलत
बस्ती *कौटिल्य का भारत संवाददाता*
लालगंज -लालगंज क्षेत्र में लगने वाले वार्षिक मेले को लेकर इस बार दुकानों की अनुमति को लेकर विवाद की स्थिति बनती दिख रही है। मेला कमेटी का कहना है कि मेले में चाट, चाउमीन और अन्य खाद्य सामग्री की दुकान लगाने के लिए व्यापारियों को उप जिलाधिकारी (एसडीएम) से अनुमति लेना अनिवार्य होगा, तभी उन्हें मेले में दुकान लगाने की जगह दी जाएगी।
मेला कमेटी के इस दावे के बाद व्यापारियों के बीच हलचल तेज हो गई है। कई दुकानदारों का कहना है कि पहले से ही मेले में दुकान लगाने को लेकर उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कुछ व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि हर वर्ष मेला कमेटी के कुछ लोग प्रशासन के नाम पर अवैध वसूली करते हैं और जो पैसा देता है उसी को दुकान लगाने की जगह मिलती है।
हालांकि इस पूरे मामले पर थाना स्तरीय अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कोई व्यवस्था उनके संज्ञान में नहीं है। उनका कहना है कि मेले में दुकान लगाने के लिए एसडीएम से अलग से अनुमति लेने की बात सही नहीं है।
पुलिस अधिकारियों के इस बयान के बाद अब मेला कमेटी और प्रशासन के बीच जानकारी को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई है। वहीं व्यापारी चाहते हैं कि प्रशासन इस मामले में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे, ताकि किसी भी दुकानदार को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पारदर्शी और स्पष्ट होगी तो दूर-दराज से आने वाले व्यापारी भी मेले में बेझिझक भाग ले सकेंगे और लालगंज मेले की रौनक बनी रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें