बस्ती में विदेश भेजने वाला ठग गिरोह पकड़ा गया, 9 पासपोर्ट बरामद
बस्ती, वी के त्रिपाठी, संवाददाता, 9अप्रेल 26,समय 3.15
विदेश भेजने के नाम पर भोले-भाले युवाओं से लाखों रुपये ठगने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना नगर पुलिस, एसओजी (स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप) और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार सुबह अक्सड़ा चौराहे के पास से गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जहांगीर अंसारी (39) और आजाद अंसारी (43) के रूप में हुई है। दोनों बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा क्षेत्र के अंसारी टोला के निवासी बताए जा रहे हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 पासपोर्ट, 10 वीजा की छायाप्रतियां और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
फर्जी ऑफिस खोलकर बिछाते थे जाल,पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी घनी आबादी वाले इलाकों में किराए पर कमरा लेकर फर्जी कार्यालय चलाते थे। इसके बाद पैंपलेट छपवाकर युवाओं को विदेश भेजने का लालच देते थे। भरोसा दिलाकर हर व्यक्ति से पासपोर्ट के साथ करीब डेढ़ लाख रुपये वसूल लिए जाते थे।जब पर्याप्त संख्या में लोग तैयार हो जाते, तो उन्हें फर्जी वीजा देकर दिल्ली भेज दिया जाता था। दिल्ली में जांच के दौरान वीजा फर्जी निकलने पर पीड़ितों को वापस लौटना पड़ता था, जबकि आरोपी उनके पासपोर्ट लेकर फरार हो जाते थे।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस,,अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने बताया कि यह एक संगठित ठग गिरोह है, जो विदेश जाने का सपना दिखाकर युवाओं का आर्थिक शोषण कर रहा था। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें