जनहित के मुद्दों पर मुखर हुए यशकांत सिंह, बस्ती विकास प्राधिकरण की 16वीं बोर्ड बैठक में सुंदरीकरण व सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव - कौटिल्य का भारत

Breaking News

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 9415671117

Post Top Ad

गुरुवार, 16 अप्रैल 2026

जनहित के मुद्दों पर मुखर हुए यशकांत सिंह, बस्ती विकास प्राधिकरण की 16वीं बोर्ड बैठक में सुंदरीकरण व सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव


बस्ती न्याय मार्ग के सुंदरीकरण और चौडा करने का मुद्दा उठाया यशकांत सिंह ने 

, बस्ती,, संवाददाता 



आयुक्त कार्यालय बस्ती में आज बस्ती विकास प्राधिकरण की 16वीं बोर्ड बैठक का आयोजन सम्पन्न हुआ। बैठक में शासन द्वारा नामित सदस्य श्री यशकांत सिंह जी ने सक्रिय सहभागिता करते हुए जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को बिंदुवार एवं प्रभावी ढंग से उठाया।

बैठक के दौरान श्री यशकांत सिंह जी ने विशेष रूप से मानचित्र स्वीकृति की वर्तमान प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को भवन निर्माण से जुड़े कार्यों में अनावश्यक जटिलताओं का सामना करना पड़ता है, जिसे दूर करने के लिए प्रक्रिया में सुधार अत्यंत आवश्यक है। इस संबंध में उन्होंने कई व्यावहारिक एवं क्रियान्वयन योग्य सुझाव भी प्रस्तुत किए, जिन पर प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा सकारात्मक विचार व्यक्त किया गया।

इसके अतिरिक्त, श्री सिंह द्वारा अमर सपूत महाराणा प्रताप चौक के सुंदरीकरण का महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के महान वीर, त्याग और देशभक्ति के प्रतीक हैं, जिनकी स्मृति को सम्मानित करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उक्त चौक का सुंदरीकरण न केवल शहर की सौंदर्य वृद्धि करेगा, बल्कि युवाओं को प्रेरणा भी प्रदान करेगा। इस प्रस्ताव को प्राथमिकता सूची में शामिल करने का अनुरोध अध्यक्ष, बस्ती विकास प्राधिकरण से किया गया।

बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव के रूप में ‘न्याय मार्ग’ के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। श्री सिंह ने सुझाव दिया कि बस्ती विकास प्राधिकरण कार्यालय से लेकर फव्वारा चौराहे तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाए, साथ ही मार्ग को मजबूत बनाते हुए आधुनिक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आवागमन सुगम हो तथा रात्रि के समय सुरक्षा की दृष्टि से भी नागरिकों को राहत मिले।

श्री यशकांत सिंह जी ने अपने वक्तव्य में कहा कि बस्ती विकास प्राधिकरण का मूल उद्देश्य जनसुविधाओं का विस्तार और सुदृढ़ीकरण है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की स्थापना बस्ती के समग्र विकास को गति देने तथा नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए की गई थी। अतः सभी संबंधित अधिकारियों एवं सदस्यों का यह दायित्व है कि वे इस मूल उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए कार्य करें और योजनाओं को धरातल पर उतारने में तत्परता दिखाएं।

बैठक में उपस्थित अन्य सदस्यों एवं अधिकारियों ने भी विभिन्न विकासात्मक मुद्दों पर अपने विचार रखे तथा शहर के सुनियोजित विकास के लिए आपसी समन्वय एवं प्रतिबद्धता पर बल दिया गया।

अंत में यह आश्वासन दिया गया कि बैठक में प्रस्तुत सभी प्रस्तावों एवं सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र ही आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, जिससे बस्ती जनपद के विकास को नई गति मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad