बस्ती: मीडिया कप में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का जलवा, रोमांचक मुकाबले में प्रिंट मीडिया को दी मात - कौटिल्य का भारत

Breaking News

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 9415671117

Post Top Ad

रविवार, 8 मार्च 2026

बस्ती: मीडिया कप में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का जलवा, रोमांचक मुकाबले में प्रिंट मीडिया को दी मात

 "बस्ती: मीडिया कप" में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का जलवा, रोमांचक मुकाबले में प्रिंट मीडिया को दी मात

बस्ती। वशिष्ठ नगर


जनपद के ऐतिहासिक शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में रविवार को पत्रकारिता के दो मजबूत स्तंभ-प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया—के बीच खेला गया “मीडिया कप” क्रिकेट मैच रोमांच, उत्साह और खेल भावना का अद्भुत उदाहरण बन गया। मैदान पर खबरों की दुनिया के योद्धाओं ने जब कलम की जगह बल्ला और गेंद थामा, तो दर्शकों को एक शानदार और यादगार मुकाबला देखने को मिला। अंततः इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रिंट मीडिया को हराकर जीत अपने नाम कर ली।

टॉस जीतकर प्रिंट मीडिया ने चुनी बल्लेबाजी,मुकाबले की शुरुआत टॉस से हुई, जिसे प्रिंट मीडिया के कप्तान संदीप यादव ने जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 10 ओवरों के मैच में प्रिंट मीडिया की टीम ने संयमित शुरुआत करते हुए रन बटोरने की कोशिश की।सलामी बल्लेबाज नीरज चौधरी और जावेद ने पारी की नींव मजबूत करते हुए मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। दोनों ने टीम को संतुलित शुरुआत दिलाई। इसके बाद मध्यक्रम में ओमकार पांडे, परमेश्वर शुक्ला और कप्तान संदीप यादव ने भी जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए उपयोगी पारियां खेलीं।

सभी बल्लेबाजों के सामूहिक प्रयास से प्रिंट मीडिया की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 81 रन बनाकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सामने जीत के लिए 82 रनों का लक्ष्य रखा।इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की दमदार बल्लेबाजी-लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया टीम की ओर से कप्तान सतीश श्रीवास्तव ने सलामी जोड़ी के रूप में ज्ञान उपाध्याय और उप-कप्तान कृष्ण द्विवेदी को मैदान में उतारा।ज्ञान उपाध्याय ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाते हुए प्रिंट मीडिया के गेंदबाजों पर जोरदार प्रहार किए। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी से मैदान में चौकों और छक्कों की बारिश होने लगी। दूसरी ओर कृष्ण द्विवेदी ने भी उनका शानदार साथ दिया और दोनों के बीच अच्छी साझेदारी देखने को मिली।

हालांकि बीच मैच में कृष्ण द्विवेदी के बोल्ड होने से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को एक झटका जरूर लगा, लेकिन इसके बाद मैदान पर उतरे अनुज सिंह ने मैच की तस्वीर ही बदल दी। अनुज ने आते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए चौकों-छक्कों की झड़ी लगा दी। उनकी तेजतर्रार पारी के सामने विपक्षी टीम के गेंदबाज बेबस नजर आए।इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए सिर्फ 7 ओवर 2 गेंद में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और शानदार जीत दर्ज की।

विजेता टीम को मिला सम्मान-मैच के समापन पर विजेता टीम को आरसीसी पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर इंजीनियर शैलेश चौधरी की ओर से प्रधानाचार्य विजय प्रकाश और अनिरुद्ध द्वारा नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से कार्यक्षेत्र की भागदौड़ और तनाव से राहत मिलती है तथा आपसी भाईचारा और सहयोग की भावना मजबूत होती है।

दोनों टीमों के खिलाड़ी=-प्रिंट मीडिया टीम में सर्वेश श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव, जमीर मिर्जा, अमरजीत यादव, सुमित जायसवाल सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे।वहीं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम में हेमंत, जितेंद्र, शनि, मेहताब, काशिफ, कमलेश, इंद्रजीत, विवेक गुप्ता, विवेक मिश्रा, जीत और संतोष ने भाग लिया।मुकाबले में अंपायर की जिम्मेदारी भारत सेठी, यश और विपेंद्र ने निभाई, जिन्होंने पूरे मैच का संचालन निष्पक्ष और कुशलता के साथ किया।

यह मुकाबला केवल एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द, ऊर्जा और टीम भावना का प्रतीक बन गया, जिसे उपस्थित लोगों ने देर तक यादगार बताया।इस अवसर पर उत्साह वर्धन हेतु अनेक गण मांन्यो की सम्मानित उपस्थिति रही.

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad