अपहृत किशोरी की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप
जौनपुर।उत्तरप्रदेश केराकत कोतवाली क्षेत्र के मुरारा गांव से करीब 20 माह पूर्व अपहृत किशोरी की मुंबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। सोमवार को परिजन कोतवाली पहुंचे और घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि साजिशन हत्या बताते हुए आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।उक्त गांव निवासी चंद्रकला देवी ने बताया कि करीब 20 माह पूर्व उनकी नाबालिग पुत्री खुशी गौतम को गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बसवत (बिशुनपुर) गांव निवासी सूरज गौतम बहला-फुसलाकर भगा ले गया था।
इस संबंध में उन्होंने सूरज गौतम के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआती दिनों में तलाश के बाद मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे वे लगातार अनहोनी की आशंका में चिंतित रहे। रविवार को उनके मोबाइल फोन पर मुंबई के धारावी क्षेत्र से कॉल आई, जिसमें खुद को प्रशासनिक अधिकारी बताने वाले व्यक्ति ने बताया कि उनकी पुत्री ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है और आवश्यक कागजात के साथ मुंबई आकर शव ले जाने को कहा गया।चंद्रकला देवी का कहना है कि उनकी पुत्री की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। उन्होंने पूरे मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें