. पी. पी. मिश्र को ‘बेस्ट फिजिशियन’ अवॉर्ड — स्वास्थ्य सेवाओं में बस्ती का ऊँचा हुआ मान
लखनऊ/बस्ती।
उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री माननीय बृजेश पाठक द्वारा बस्ती जनपद स्थित श्री कृष्णा मिशन हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पी. पी. मिश्र को “जनपद के बेस्ट फिजिशियन” सम्मान से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल डॉ. मिश्र की व्यक्तिगत उत्कृष्टता का प्रतीक है, बल्कि बस्ती जनपद की चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता का भी प्रमाण है।वसंत चौधरी द्वारा समाजसेवा के भाव से स्थापित कृष्णा मिशन हॉस्पिटल ने तेरह वर्षों के भीतर जिस ऊँचाई को प्राप्त किया है, उसमें डॉ. पी. पी. मिश्र का योगदान अत्यंत उल्लेखनीय रहा है।
अस्पताल आज पूर्वांचल तथा नेपाल सीमा तक विस्तृत जनमानस के लिए आशा और विश्वास का केंद्र बन चुका है। उच्च चिकित्सकीय सुविधा, अनुशासन और समर्पण के कारण यह संस्थान क्षेत्रीय स्वास्थ्य व्यवस्था का उदाहरण बन गया है।डॉ. मिश्र अपनी दिन-रात की सतत सेवा, मानवीय दृष्टिकोण और रोगियों के प्रति अटूट दायित्वबोध के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने बगैर किसी प्रचार के, निस्वार्थ भाव से चिकित्सा को लोकसेवा का साधन बना दिया है। बस्ती जैसे जनपद में, जहाँ गुणवत्तापूर्ण चिकित्सकीय सेवा की आवश्यकता निरंतर बढ़ रही है, वहाँ डॉ. मिश्र का योगदान दिशादर्शक है।राजधानी लखनऊ में आयोजित समारोह में स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने डॉ. मिश्र को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रदेश की चिकित्सा सेवाएं तभी सशक्त हो सकती हैं जब चिकित्सक अपने कर्तव्य को सेवा के रूप में स्वीकार करें। डॉ. मिश्र की कार्यशैली और समर्पण भाव इसी आदर्श का उदाहरण हैं.
बस्ती जनपद के नागरिकों और चिकित्सा जगत में इस सम्मान से गहरी प्रसन्नता व्यक्त की जा रही है। यह सम्मान एक चिकित्सक के रूप में डॉ. मिश्र की निष्ठा का नहीं, बल्कि बस्ती के आरोग्य और मानवीय संवेदना के प्रति उनके योगदान का सार्वजनिक स्वीकार है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें