गोरखपुर, काशी के संगठन मंत्री जयप्रकाश चतुर्वेदी का निधन, श्रद्धांजलि

 विनम्र श्रद्धांजलि

राष्ट्रभाव के तपस्वी, संगठन के शिल्पी और मेरे प्रेरणास्रोत जयप्रकाश चतुर्वेदी जी को अश्रुपूरित नमन




बस्ती, उत्तरप्रदेश, सम्वाददाता 27 जुलाई  

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित प्रचारक, साकेत नगर के पूर्व प्रचारक, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री, पूर्व विधान परिषद सदस्य तथा कुशल संगठनकर्ता आदरणीय श्री जयप्रकाश चतुर्वेदी जी के केजीएमयू, लखनऊ में निधन का समाचार अत्यंत दुःखद, मर्मांतक और स्तब्ध कर देने वाला है।

मेरे लिए यह केवल एक वरिष्ठ नेता के निधन का समाचार नहीं, बल्कि अपने आत्मीय मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत को खो देने की पीड़ा है। आज़मगढ़ में प्रचारक जीवन के दौरान मुझे उनके सान्निध्य में कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उनके व्यक्तित्व में सादगी, अनुशासन, संगठन क्षमता, राष्ट्रनिष्ठा और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता का अद्भुत समन्वय था। वे स्वयं कम बोलते थे, किंतु अपने आचरण से संगठन और राष्ट्रसेवा का पाठ पढ़ाते थे।

उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में समाज जीवन को समर्पित किया और बाद में भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्तर प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में उन्होंने हजारों कार्यकर्ताओं का निर्माण किया। उनका जीवन किसी पद या प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि समर्पण, तप, त्याग और राष्ट्रभक्ति का पर्याय था।

आज जब उनका पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया है, तब उनकी स्मृतियाँ, उनके विचार और उनका संगठनात्मक जीवन हम सभी के लिए अमूल्य धरोहर बनकर सदैव प्रेरणा देता रहेगा। ऐसे व्यक्तित्व शरीर से विदा होते हैं, किंतु अपने कर्मों के कारण कभी विलुप्त नहीं होते।

'कौटिल्य का भारत' प्रकाशन समूह की ओर से मैं दिवंगत पुण्यात्मा आदरणीय श्री जयप्रकाश चतुर्वेदी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ तथा ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। शोकाकुल परिवार, संघ परिवार, भारतीय जनता पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं एवं उनके असंख्य शुभचिंतकों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

भावभीनी श्रद्धांजलि!

ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने