कुवानों के पगारे घाट पर चला स्वच्छता अभियान, जनसहभागिता से नदी संरक्षण का संकल्प
बस्ती। विकास खण्ड रामनगर के ग्राम पंचायत नरकटहा स्थित पगारे घाट पर शुक्रवार को कुवानों नदी के जीर्णोद्धार एवं स्वच्छता अभियान की शुरुआत जनसहभागिता के साथ की गई। अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए घाट की साफ-सफाई कर नदी संरक्षण का संदेश दिया।
ब्लॉक प्रमुख रामनगर यशकान्त सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुबाष यादव तथा खण्ड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने स्वयं घाट पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं युवाओं की सहभागिता देखने को मिली।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख यशकान्त सिंह ने कहा कि नदियां भारतीय संस्कृति और सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। जैसे शरीर में धमनियां रक्त का प्रवाह करती हैं, उसी प्रकार नदियां जीवन और प्रकृति को गतिशील बनाए रखती हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन सभ्यताओं का विकास नदियों के किनारे ही हुआ और भारतीय परंपरा में नदियां केवल जलधारा नहीं बल्कि आस्था, चेतना और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक हैं।
उन्होंने चिंता जताई कि वर्तमान समय में नदियां अपने मूल स्वरूप को खोती जा रही हैं, जल स्तर घट रहा है और प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह नदी संरक्षण के लिए आगे आए और अपनी प्राकृतिक धरोहर को बचाने में योगदान दे। उन्होंने कुवानों नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जनसहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा रामनगर मंडल अध्यक्ष गिरजेश यादव, महामंत्री गिरजेश मिश्रा, प्रदीप सिंह, सुरेश पाण्डेय, रामशंकर गुप्ता, रामचन्दर, रिसव सिंह, रमेश सिंह, वीर श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान वीरेन्द्र कुमार चौधरी, ग्राम पंचायत सचिव शिवनन्दन त्रिपाठी सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें