बस्ती का 161वां स्थापना दिवस 6 मई को, ‘वशिष्ठ महोत्सव’ के लिए तैयारियां शुरू
बस्ती। जनपद के 161वें स्थापना दिवस के अवसर पर इस वर्ष भव्य “वशिष्ठ महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। आगामी 5, 6 और 7 मई को आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय समारोह में खेल प्रतियोगिताएं, गोष्ठियां, सांस्कृतिक संध्या तथा विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।यह जानकारी उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह ने एक जारी बयान में दी। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी 6 मई को बस्ती जिले के स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें प्रदेश के कई प्रसिद्ध गायक और कलाकार भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान खो-खो सीनियर वर्ग (बालक-बालिका) की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही हैंडबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और दौड़ सहित कई खेलों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं भी होंगी। सभी खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि महर्षि वशिष्ठ की पावन भूमि की पुनर्प्रतिष्ठा के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बताया कि बस्ती जिले के पौराणिक नाम ‘वशिष्ठि’ के आधार पर जनपद का नाम “वशिष्ठ नगर” किए जाने के लिए नामकरण महाअभियान को भी तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के कुलगुरु महर्षि वशिष्ठ अपने त्रेता युगीन आश्रम स्थित दिव्य एवं भव्य मंदिर में प्रतिष्ठित हो चुके हैं। यही नहीं, विश्व में पहली बार वशिष्ठ रामायण कथा के आयोजन का गौरव भी इसी पुण्य भूमि से जुड़ चुका है।बस्ती की यह धरती मखौड़ा धाम, श्रृंगीनारी, गुरु तीर्थ वशिष्ठ धाम, हनुमान बाग चकोही, श्रीराम जानकी मार्ग और देवरहा बाबा की तपस्थली जैसे पवित्र स्थलों के कारण सनातन परंपरा की गौरवशाली पहचान मानी जाती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें