:
सीईआईआर पोर्टल की मदद से 240 गुम मोबाइल बरामद, 45 लाख की कीमत के फोन मालिकों को सौंपे
जौनपुर। संवाददाता
साइबर क्राइम थाना और विभिन्न थानों की साइबर सेल टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीईआईआर पोर्टल की सहायता से 240 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। इन मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है।अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव (नोडल अधिकारी साइबर थाना) ने पत्रकारों को बताया कि जनपद में गुम हुए मोबाइल फोन के संबंध में प्राप्त प्रार्थना पत्रों और सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर साइबर क्राइम थाना और विभिन्न थानों की साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए इन मोबाइलों को बरामद किया।
उन्होंने बताया कि अब तक कुल 1400 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं। बरामद किए गए मोबाइल फोन जौनपुर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जिलों जैसे आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही से भी मिले हैं।इसके अलावा कुछ मोबाइल फोन अन्य राज्यों जैसे दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान से भी बरामद किए गए।
बरामद मोबाइलों में प्रमुख रूप से वन प्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग कंपनियों के फोन शामिल हैं। अपर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा सभी मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वितरित किए गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर मोबाइल धारक काफी खुश और संतुष्ट दिखाई दिए।अपर पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि यदि वे किसी भी प्रकार के साइबर अपराध के शिकार होते हैं तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें या अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क पर जाकर लिखित शिकायत करें।
इस बरामदगी में महेश पाल सिंह (प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना), राजेश कुमार यादव (प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम सेल), उपनिरीक्षक नीलम सिंह, आलोक कुमार सिंह, ज्योति श्रीवास्तव, जयप्रकाश सिंह और आकांक्षा सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें