‘राम जी का पेड़ा’ पहल लाई खुशहाली, 12.31 लाख के ऑर्डर से महिलाओं को मिला
रोजगार
पहल की सकारात्मक पहल
बस्ती। वशिष्ठ नगर,हरिओम प्रकाश,संवाददाता,25मार्च,26 समय 4.13
‘राम जी का पेड़ा’ योजना की पहल रंग लाने लगी है। इस नवाचार को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और अब तक इसके लिए 12,31,000 रुपये के ऑर्डर प्राप्त हो चुके हैं। इस सफलता से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं में उत्साह का माहौल है।
पहल के संयोजक मनीष मिश्रा ने पं. अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में पत्रकारों से वार्ता के दौरान बताया कि प्राप्त ऑर्डरों से होने वाले लाभ में महिलाओं के हिस्से का मुनाफा नकद रूप में वितरित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकांश लाभार्थी महिलाओं के बैंक खाते अभी नहीं खुले हैं, इसलिए यह व्यवस्था की गई है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि अगले माह तक सभी महिलाओं के खाते खुल जाने के बाद लाभ की राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
इस योजना के अंतर्गत 100 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 1000 महिलाओं को प्रत्येक को 1,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त महिलाओं को ‘राम जी का पेड़ा’ निर्माण का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है, जिससे वे उच्च गुणवत्ता का उत्पाद तैयार कर सकें और इसे प्रसाद के रूप में बेहतर मानकों के साथ बाजार में उपलब्ध करा सकें।
मनीष मिश्रा ने बताया कि यह पहल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि होगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस योजना का दायरा और विस्तारित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इससे जुड़कर लाभान्वित हो सकें।
यह पहल स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और महिला सशक्तिकरण का एक प्रेरक उदाहरण बनकर उभर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें