जनगणना कार्य में लापरवाही नहीं होगी स्वीकार : जिलाधिकारी
बस्ती, 07 अप्रैल 2026 (सू.वि.)। जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को कार्य को समयबद्ध और शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसके आधार पर देश और प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है और उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता है। इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी गणनाकर्ताओं और पर्यवेक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि कार्य पूरी दक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके। साथ ही, जनगणना के दौरान आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक का संचालन करते हुए जनगणना जिला प्रभारी सुरम्या भारती ने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान कंट्रोल रजिस्टर तैयार किया जाएगा, जिसमें संबंधित अधिकारी द्वारा सभी आवश्यक आंकड़ों और सूचनाओं का व्यवस्थित रूप से संधारण किया जाएगा, जिससे कार्य की निगरानी और प्रगति का मूल्यांकन सुगम हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, मनोज प्रकाश, हिमांशु कुमार, सत्येन्द्र सिंह, राजेश यादव, उमाकांत तिवारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी) आलोक कुमार मिश्र, जिला सांख्यिकी अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी धनश्याम सागर, जिला कृषि अधिकारी बी.आर. मौर्य, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका अंगद गुप्ता सहित विभिन्न नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, तहसीलदार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें