नितिन नबीन अगले सप्ताह दाखिल करेंगे भाजपा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन, 20 जनवरी को निर्विरोध चुने जाने की संभावना
नई दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अगले सप्ताह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन 19 जनवरी 2026 को औपचारिक रूप से नामांकन दाखिल करेंगे, जबकि 20 जनवरी को उनके निर्विरोध निर्वाचित होने की पूरी संभावना है।
बिहार से पांच बार के विधायक रहे नितिन नबीन को 14 दिसंबर 2025 को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। संगठनात्मक अनुभव, जमीनी राजनीति और अनुशासित कार्यशैली के चलते पार्टी नेतृत्व में उन्हें अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति से आगे बढ़ाया गया है।
सूत्रों का कहना है कि अध्यक्ष पद के लिए किसी अन्य नेता के नामांकन की संभावना बेहद कम है, ऐसे में चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रह सकती है। नामांकन और चुनाव की प्रक्रिया के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय पदाधिकारी दिल्ली में मौजूद रहेंगे।
यदि नितिन नबीन का निर्वाचन तय कार्यक्रम के अनुसार होता है, तो वे पूर्ण कार्यकाल के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालेंगे। पार्टी के भीतर इसे संगठन को 2029 के आम चुनावों की तैयारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें